बिहार के औरंगाबाद जिले, डेहरी और सासाराम में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। सोन नदी के सतही जल का उपयोग करके इन क्षेत्रों में दीर्घकालिक और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की जल संसाधन विभाग की योजना पर काम तेजी से चल रहा है। योजना पूरी होने पर करीब आठ लाख लोगों को पेयजल सुविधा मिलेगी, जबकि वर्ष 2051 तक लगभग 12 लाख की आबादी की जरूरतों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की सरकार ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह परियोजना पांच सितंबर 2024 को शुरू हुई थी। मूल रूप से इसके लिए 1347.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। तकनीकी परीक्षण, स्थल की वास्तविक परिस्थितियों और निर्माण कार्यों की जरूरतों के अनुसार डिजाइन एवं कार्य की मात्रा में बदलाव के कारण परियोजना की लागत बढ़कर अब 2014.65 करोड़ रुपये हो गई है, यानी लागत में 667.33 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। विभाग ने कार्य पूरा करने की समय-सीमा चार मार्च 2027 तय की है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार, परियोजना के विस्तृत डिजाइन और ड्रॉइंग का तकनीकी परीक्षण एवं अनुमोदन आईआईटी रुड़की और आईआईटी दिल्ली जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से कराया गया है। तकनीकी परीक्षण के दौरान संरचनाओं की मजबूती, सुरक्षा और कार्य के प्रभावी निष्पादन को ध्यान में रखते हुए कुछ निर्माण कार्यों के डिजाइन और मात्रा में संशोधन की जरूरत सामने आई। पाइपलाइन नेटवर्क, विद्युत एवं ट्रांसमिशन व्यवस्था, स्काडा प्रणाली, पहुंच पथ, चारदीवारी और अन्य सहायक कार्यों में भी आवश्यक बदलाव किए गए।
परियोजना के तहत डिहरी एनीकट का आधुनिकीकरण, इंटेक वेल और पंप हाउस का निर्माण, जलशोधन संयंत्र, जल भंडारण संरचनाएं तथा बड़े पैमाने पर पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। पेयजल आपूर्ति के लिए भूजल के बजाय सोन नदी के सतही जल का उपयोग किया जाएगा, जिससे शहरी क्षेत्रों में भूजल संसाधनों पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तीन महीने तक ट्रायल रन कराया जाएगा और इसके बाद अगले पांच वर्षों तक योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित संवेदक की होगी।
