बागपत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकारी सहायता पाने के लिए 18 विवाहित युवतियों ने दोबारा शादी के लिए आवेदन किया था। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की जांच में यह मामला सामने आने पर आवेदन निरस्त कर दिए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी नीलम सिंह चौहान के अनुसार जांच में ऐसी कई युवतियों के आवेदन पकड़ में आए जिनकी शादी पहले ही हो चुकी थी।
योजना के तहत बागपत में अब तक 438 बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि 44 बेटियों का लक्ष्य शेष था। इनकी शादी 25 नवंबर को छपरौली ब्लाक परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में होगी। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समाज कल्याण विभाग के सूत्रों के अनुसार प्रत्येक सामूहिक विवाह योजना पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 15 हजार रुपये विवाह समारोह पर, 64 हजार रुपये बेटी के खाते में और 21 हजार रुपये का सामान दिया जाता है।
अधिकारियों के मुताबिक समारोह में पंडित फेरे और मौलवी निकाह की रस्म पूरी कराएंगे, जबकि अधिकारी बरातियों की मेजबानी करेंगे और विदाई में उपहार देकर बेटियों की डोली रवाना करेंगे।
