बहराइच के नानपारा रेंज के बल्दूपुरवा के गड़ेरियन पुरवा में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे घर के सामने खेल रहे 10 वर्षीय बालक अंबर पर तेंदुए ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ बालक को करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए और उन्होंने हांका लगाया, जिसके बाद तेंदुआ बालक को छोड़कर झाड़ी में घुस गया।
घायल बालक को स्थानीय लोग सीएचसी शिवपुर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रेंजर पीयूष गुप्त ने बताया कि जानकारी मिलने पर टीम को भेजकर पगचिह्न का अवलोकन कराया जा रहा है। जहां हमला हुआ है, उससे कुछ दूरी पर तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। आबादी में हुए इस हमले को लेकर ग्रामीणों में हलचल है।
