नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा भारत को समर्पित होना दोनों देशों के संबंधों के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है। इस यात्रा के दौरान भारत ने नेपाल के आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक विकास के लिए अच्छी-खासी सहायता राशि देने के साथ हरसंभव मदद का वचन दिया। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत नेपाल का भरोसेमंद हितैषी बनने को तत्पर है।
नेपाल में बड़े पैमाने पर हिंसा और राजनीतिक उथलपुथल के बाद इसी वर्ष मार्च में बालेन शाह प्रधानमंत्री बने थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद वे भारत से संबंध सुधारने के लिए उत्सुक नहीं दिख रहे थे और भारतीय विदेश सचिव से मुलाकात करने को भी तैयार नहीं थे। ऐसे में प्रथम विदेश यात्रा के लिए भारत को प्राथमिकता देना यह बताता है कि अंततः उन्हें नई दिल्ली की महत्ता समझ आई। इसका एक कारण पश्चिम एशिया संकट के कारण नेपाल की बढ़ती आर्थिक समस्याएं और हाल की विनाशकारी बाढ़ से हुई भारी तबाही भी हो सकता है।
हालांकि अपने पूर्ववर्ती प्रधानमंत्री की तरह उन्होंने चीन के बजाय पहले भारत आना तय किया, पर देखना यह होगा कि वे संतुलन बैठाने के लिए बीजिंग जाने की तैयारी तो नहीं करते। नेपाल को यह समझ आए तो अच्छा कि चीन से संपर्क बनाए रखने और अपने यहां उसके प्रभुत्व को बढ़ने देने में अंतर है। इस अंतर को कायम रखने से ही भारत-नेपाल मैत्री प्रगाढ़ हो सकती है और बालेन शाह की नई दिल्ली यात्रा से जो सकारात्मक वातावरण बना, वह संबंधों की मधुरता बढ़ा सकता है।
यह स्वागतयोग्य है कि भारत और नेपाल के बीच ऐसे भी अनेक समझौते हुए, जो दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों के साथ सांस्कृतिक-धार्मिक संबंधों को बल देने और एक-दूसरे के प्रति सहयोग एवं भरोसा बढ़ाने वाले हैं। अब नेपाल का भी यह दायित्व बनता है कि वह भारत के हितों का ध्यान रखते हुए दोस्ती को मजबूत करने वाले कदम उठाए, क्योंकि अतीत में वहां संकीर्ण राजनीतिक कारणों से भारत के खिलाफ माहौल बनाया गया और उस चीन से नजदीकी बढ़ाई गई, जो हर देश में अपना प्रभुत्व कायम करना चाहता है। चूंकि भारत और नेपाल में बहुत कुछ साझा है, इसलिए इसका कोई कारण नहीं कि दोनों देशों के बीच कोई खटपट हो और संकीर्ण इरादों से पैदा किए गए सीमा विवाद जैसे मामले संबंध सुधार में बाधक बनें।
