भारत सरकार ने नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का सहायता पैकेज देने की घोषणा की है। यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह (बालेन शाह) के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद की। इस सहायता से नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से कई क्षेत्रों में व्यापक तबाही हुई थी। बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हुए तथा सड़कों और पुलों को भारी नुकसान पहुंचा। कई परिवारों के सामने आवास और आजीविका का संकट खड़ा हो गया था और बुनियादी सुविधाएं प्रभावित होने से जनजीवन पटरी से उतर गया था। भारत की इस सहायता को नेपाल के दीर्घकालिक पुनर्निर्माण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
भारत की सीमा से सटे रुपंदेही और कपिलवस्तु जिलों में इस घोषणा को लेकर उत्साह है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि आर्थिक मदद से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पुल, आवास और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण तेज होगा, जिससे प्रभावित परिवार सामान्य जीवन की ओर लौट सकेंगे। लोग इसे केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि दोनों देशों के गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों की मजबूती के रूप में देख रहे हैं।
लुम्बिनी के तुलसीराम लामीछाने ने कहा कि भारत का यह निर्णय दोनों देशों के ऐतिहासिक और पारिवारिक संबंधों को और प्रगाढ़ करेगा। लुम्बिनी के मनमोहन चौधरी ने कहा कि संकट के समय मिला सहयोग दोनों देशों की मित्रता का प्रमाण है। कपिलवस्तु के राजेश ज्ञावली ने कहा कि भारत की आर्थिक मदद से विकास और पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलेगी तथा प्रभावित क्षेत्रों में सुविधाएं बहाल करने में सहूलियत होगी। कपिलवस्तु की विजया क्षेत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा के साथ रोटी-बेटी का आत्मीय संबंध है और भारत की यह पहल आपसी विश्वास तथा मित्रता को मजबूत करने वाला संदेश है।
