भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल अपनी हवाई क्षमता बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों बल पुराने चेतक और चीता हेलीकॉप्टरों की जगह नए यूटिलिटी हेलीकॉप्टर शामिल करेंगे। इसके लिए करीब 15 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। कुल 76 हेलीकॉप्टर खरीदे जाएंगे, जिनमें से 51 नौसेना और 25 तटरक्षक बल को मिलेंगे। इन हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल समुद्री निगरानी, सीमा पर टोही अभियान और आपात स्थिति में बचाव कार्यों के लिए किया जाएगा। यह खरीद मेक इन इंडिया के तहत पूरी की जाएगी, यानी विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी में इनका निर्माण भारत में ही होगा।
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, 76 यूटिलिटी हेलीकॉप्टरों की खरीद के प्रस्ताव पर रक्षा मंत्रालय की आगामी उच्चस्तरीय बैठक में चर्चा होगी। यह खरीद रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया की 'बाय एंड मेक (इंडियन)' श्रेणी के तहत की जाएगी। इसका मतलब है कि भारतीय कंपनियां विदेशी मूल उपकरण निर्माताओं यानी ओईएम के साथ मिलकर हेलीकॉप्टरों का निर्माण करेंगी। इसमें विदेशी कंपनियों की तकनीक और भारतीय कंपनियों की निर्माण क्षमता का इस्तेमाल होगा। इसका उद्देश्य देश में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देना और विदेशी उपकरणों पर निर्भरता कम करना है। नए हेलीकॉप्टर पुराने चेतक और चीता बेड़े की जगह लेंगे। दोनों बलों के मौजूदा दो इंजन वाले हेलीकॉप्टरों को संचालन के दौरान कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इसी वजह से नए हेलीकॉप्टरों की जरूरत महसूस की जा रही है।
नौसेना और तटरक्षक बल के लिए खरीदे जाने वाले नए हेलीकॉप्टर पांच टन से अधिक वजन उठाने वाली श्रेणी के होंगे। इसके साथ नौसेना की एक अलग योजना भी चल रही है, जिसके तहत वह हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से 60 यूटिलिटी हेलीकॉप्टर मरीन यानी यूएच मरीन खरीदने की तैयारी कर रही है। एचएएल इन हेलीकॉप्टरों को स्वदेशी तकनीक से विकसित करने पर काम कर रहा है। पहले नौसेना ने 111 हेलीकॉप्टर खरीदने की योजना बनाई थी, लेकिन वह योजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब 76 हेलीकॉप्टरों की नई खरीद योजना के साथ पुराने बेड़े को बदलने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।
हल्के हेलीकॉप्टर भारतीय सेना के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। सियाचिन जैसे ऊंचाई वाले बर्फीले इलाकों से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक सीमावर्ती क्षेत्रों में इनका इस्तेमाल टोही और निगरानी अभियानों के लिए किया जाता है। दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सड़क और दूसरे परिवहन साधनों की कमी के कारण हेलीकॉप्टरों की भूमिका और बढ़ जाती है। इनके जरिए सैनिकों की आवाजाही, जरूरी सामान पहुंचाने और सीमावर्ती इलाकों पर नजर रखने में मदद मिलती है। दूसरी ओर, नौसेना और तटरक्षक बल के लिए समुद्री हेलीकॉप्टरों की जरूरत अलग है। समुद्र में जहाजों और नावों के संकट में फंसने पर लोगों को बचाने, खोज अभियान चलाने और समुद्री क्षेत्रों की निगरानी में इनका इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में 76 नए हेलीकॉप्टरों की खरीद से नौसेना और तटरक्षक बल की निगरानी तथा बचाव क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।