दिल्ली हाई कोर्ट ने जालसाजी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों में गिरफ्तार आरोपियों की जमानत अर्जियों की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई है। न्यायमूर्ति गिरीश कथपालिया की पीठ ने कहा कि पुलिस आयुक्त के स्तर पर निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। पीठ ने कहा कि जांच अधिकारी सुनवाई से पहले सरकारी वकीलों को मामले की जानकारी नहीं दे रहे और कुछ मामलों में अदालत में उपस्थित होकर अभियोजन पक्ष की सहायता भी नहीं करते। ऐसी चूकों से संदेश जाता है कि पुलिस जमानत का विरोध नहीं करना चाहती। पीठ ने सवाल किया कि यदि पुलिस जमानत का विरोध नहीं करना चाहती, तो आरोपियों को गिरफ्तार क्यों करती है?

यह टिप्पणी सरकारी नौकरियों के घोटाले में आरोपी साहिल मलिक की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई। पीठ ने कहा कि ऐसी स्थिति में जमानत देना एक विकल्प हो सकता है, लेकिन ऐसा करना उचित नहीं होगा। अदालत ने आदेश की प्रति पुलिस आयुक्त को भेजने और पुलिस विभाग से व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की उम्मीद जताई। मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी।

पीठ ने कहा कि पहले जांच अधिकारी सुनवाई से एक दिन पहले या उसी दिन पर्याप्त समय रहते सरकारी वकील को जानकारी देते थे, जिससे अभियोजक अदालत के सवालों के जवाब देने और जमानत का विरोध करने के लिए तैयार रहते थे, लेकिन अब यह व्यवस्था लगभग समाप्त हो गई है। अदालत के पूर्व निर्देश के अनुसार, जांच अधिकारी के छुट्टी पर होने पर थाना प्रभारी (एसएचओ) को मामले की जानकारी लेकर उपस्थित रहना था। इस सुनवाई में अतिरिक्त लोक अभियोजक ने बताया कि जांच अधिकारी छुट्टी पर हैं। एसएचओ की गैरहाजिरी पर अदालत के सवाल का जवाब नहीं दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जांच अधिकारी संदीप चौहान हैं, न कि सब-इंस्पेक्टर सौरभ मलिक। चौहान भी बिना कारण बताए अदालत में उपस्थित नहीं हुए। पीठ ने कहा कि मामले के कई सवालों के जवाब केवल जांच अधिकारी दे सकते हैं।

याचिका के अनुसार, आरोपी और उसके माता-पिता ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिए। जांच में आंगनवाड़ी, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), शिक्षा विभाग और दिल्ली जेल वार्डर विभाग के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र, मुहरें और जाली दस्तावेज मिले। संबंधित विभागों की ईमेल आईडी से मिलती-जुलती फर्जी ईमेल आईडी मिलने का भी आरोप है।