बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बिना नाम लिए भारत पर निशाना साधा है। डेली स्टार के अनुसार, गुरुवार को रहमान ने कहा कि अब बहुत हो गया और आतंकवादियों, हत्या करने वालों और आग लगाने वालों को जवाब देना होगा। उनका आरोप है कि एक समूह ने देश के खिलाफ साजिश शुरू कर दी है और सीमा पार जिस देश में वे भागे हैं, वहीं उनके आका रहते हैं। रहमान ने किसी का नाम नहीं लिया है। मंगलवार को उन्होंने सभी दलों से 2024 की भावना के साथ एकजुट होने की अपील की थी।

आवामी लीग पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी है, जो 2024 की हिंसा के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। रहमान के आरोपों के बीच आवामी लीग ने मुल्क में बंद का आह्वान किया है, जिसके बाद कई क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 96 टुकड़ियां, जिनमें 3 हजार जवान हैं, ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह और फरीदपुर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मदद के लिए भेजी गई हैं।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हो रहा है जब शेख हसीना दिसंबर में मुल्क वापसी का ऐलान कर चुकी हैं। उनके खिलाफ बांग्लादेश में कई मुकदमे चल रहे हैं और अदालत ने मौत की सजा भी सुनाई है। फिलहाल उनकी वापसी की तारीख तय नहीं है और भारत की ओर से भी इस पर औपचारिक बयान नहीं आया है।

एक दिन पहले पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के ठिकानों पर हमले किए गए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चटगांव के पांचलाइस इलाके में उनके घर को आग लगा दी गई थी, जिसमें उनके परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं। उनके स्थापित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं पर भी हमले हुए। नागरिक विमानन अधिकारियों ने बताया कि तोड़फोड़, आगजनी और देसी बम विस्फोट की घटनाओं के बाद सभी हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।