बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में प्रस्तावित वापसी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने छात्र-नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं से मुलाकात की। यह पार्टी जुलाई-अगस्त 2024 में हसीना के विरोध में हुए प्रदर्शनों से उभरी थी। ढाका स्थित कैबिनेट डिविजन सचिवालय में हुई यह बैठक करीब 40 मिनट चली। एनसीपी संयोजक नाहिद इस्लाम के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता महदी अमीन के अनुसार, सत्ता से हटाई गई निरंकुश ताकतों के विरुद्ध सभी लोकतांत्रिक और अधिनायकवाद-विरोधी राजनीतिक ताकतें अपने वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट हैं।

बैठक के बाद नाहिद इस्लाम ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और राजनीतिक संवाद का दायरा मौजूदा राजनीतिक संकट और दिसंबर से जुड़े घटनाक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इधर, विदेश राज्यमंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने रायटर से कहा कि हसीना जैसे ही बांग्लादेश में दाखिल होने की कोशिश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि भारत से प्रत्यर्पण संधि का सम्मान करने की उम्मीद है। बताया गया है कि हसीना ने वापसी से पहले नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए आवेदन किया था, जिसे बांग्लादेश सरकार ने ठुकरा दिया।

इस बीच, हसीना की अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। पार्टी ने हसीना की वापसी के समर्थन में एक सप्ताह तक प्रदर्शन और रैलियां करने की घोषणा की थी, जिसका समापन 19 नवंबर को देशव्यापी बंद के साथ हुआ। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पिछले 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में पुलिस ने देसी बम विस्फोटों और वाहनों को आग के हवाले करने की दर्जनों घटनाएं दर्ज की हैं, जिनमें कई पुलिसकर्मी और आम नागरिक घायल हुए हैं। स्थिति नियंत्रित करने के लिए सरकार ने बार्डर गार्ड बांग्लादेश के सैकड़ों जवानों को तैनात किया है।

पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर हमले बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस महीने की शुरुआत से बैंक की लगभग 100 शाखाओं को पेट्रोल बमों से निशाना बनाया गया है। हमलों के पैटर्न को देखकर लगता है कि कोई ऊंचे स्तर पर बैठा व्यक्ति अपराधियों को ऐसे हमले करने का निर्देश दे रहा है। उनका इशारा भंग हो चुकी अवामी लीग के नेतृत्व की ओर था। यह बयान चटगांव में उनके पुश्तैनी घर में आग लगने की घटना के बाद आया है।