पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को गठबंधन का ऐलान किया। नई दिल्ली में सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि गठबंधन में अकाली दल 'बड़े भाई' की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का चेहरा भी अकाली दल से ही होगा। दोनों दल सभी 117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। शाह ने इस गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताया और कहा कि एनडीए का पुराना साथी लौट आया है।

गृह मंत्री ने कहा कि इस गठबंधन की मुख्य प्राथमिकताओं में पंजाब को नशा मुक्त करना, भ्रष्टाचार को खत्म करना, कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करना और गिरोहों का सफाया शामिल है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां जल्द ही एक विस्तृत घोषणापत्र तैयार करेंगी, जिसमें नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करना और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देना प्रमुख फोकस क्षेत्र होंगे। शाह ने दावा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त बना दिया जाएगा। उन्होंने राज्य की मौजूदा आप सरकार पर नशे को लेकर किए गए वादे को पूरा न करने का आरोप लगाया और कहा कि यह समस्या और बढ़ी है।

बता दें कि नवंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विवाद के बाद अकाली दल और भाजपा के बीच 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। अब दोनों पार्टियां छह साल के अंतराल के बाद एक बार फिर साथ आई हैं।