तमिलनाडु के कल्लाकुरिची से TVK विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ महिला जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। राज्य सरकार ने मंगलवार को मद्रास हाईकोर्ट को यह जानकारी दी। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि हर महिला को यौन उत्पीड़न से सुरक्षा मिलनी चाहिए, चाहे वह मुख्य सचिव हो या सफाईकर्मी। कोर्ट ने कहा कि आरोपी विधायक उच्च संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए जांच की निगरानी IG रैंक से नीचे का अधिकारी नहीं करेगा। पुलिस को मामले में तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और जांच की अंतिम रिपोर्ट 22 दिसंबर तक दाखिल करने को कहा गया है। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।
जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायण ने मामले की सुनवाई की। याचिका वकील आर. त्रिशुली की ओर से लगाई गई थी, जिसमें DGP और कल्लाकुरिची के SP को 11 नवंबर 2026 को दी गई शिकायत के आधार पर FIR दर्ज करने और निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश देने की मांग की गई थी। सुनवाई में राज्य के सरकारी वकील आर. जॉन सत्यन ने बताया कि महिला जिला कलेक्टर की शिकायत पर कल्लाकुरिची के ऑल वुमन पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। कलेक्टर ने सोमवार को विधायक के खिलाफ औपचारिक शिकायत दी थी।
अदालत ने प्रेस और मीडिया को POSH एक्ट, 2013 की धारा 16 के दायरे में आने वाली जानकारी प्रकाशित या साझा करने से रोक दिया है। इस धारा के तहत शिकायत, पीड़िता की पहचान और जांच से जुड़ी कार्यवाही की जानकारी गोपनीय रखनी होती है। जज ने कहा कि सोशल मीडिया पर मौजूद ऐसे संदेशों को साइबर क्राइम विभाग हटवाए और पीड़िता को न्याय मिलने तक कोई प्रकाशन न किया जाए। कोर्ट ने चेतावनी दी कि धारा 16 का उल्लंघन कर जानकारी प्रकाशित करने वालों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
इससे पहले रविवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया था। आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया था कि मीडिया रिपोर्ट में विधायक पर पहले भी दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं और यह दावा भी किया गया था कि विधायक नशे की हालत में जिला कलेक्टर के आवास पहुंचे थे। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने तमिलनाडु के DGP को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच कराने और सात दिन के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) मांगी थी। वहीं, तमिलनाडु के मंत्री CTR निर्मल कुमार ने आरोपों को DMK नेता कनिमोझी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई फर्जी पोस्ट बताया था। विधायक अरुल विग्नेश ने भी आरोपों से इनकार करते हुए इन्हें अफवाह कहा था और जिला कलेक्टर पर उनके खिलाफ राजनीति करने का आरोप लगाया था।
