अमेरिका दौरे के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था और चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भाजपा ने जोरदार हमला बोला है। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी विदेश जाकर अपनी राजनीति को दोबारा चमकाने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन देश के खिलाफ नकारात्मक बातें करने वाले नेता को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। राहुल के अमेरिका में दिए गए बयान को लेकर देश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने भारत की आर्थिक और वैश्विक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत एशिया की तीसरी सबसे ताकतवर शक्ति बनकर उभरा है। उन्होंने यह भी कहा कि गोल्डमैन सैक्स और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल बताया है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भंडारी ने कहा कि वह विदेश की जमीन से अपनी राजनीतिक पारी दोबारा शुरू करने की कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन देश के प्रति नफरत रखने वाले व्यक्ति को भारत की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयान देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले हैं।
लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया में भारत तीसरे सबसे ताकतवर देश के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर चुका है। भारत का स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है, जबकि चीन का स्कोर 73.6 और अमेरिका का 78.9 है। रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एशिया के दूसरे सबसे प्रभावशाली नेताओं में भी जगह दी गई है।
दरअसल, राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि भारत की अर्थव्यवस्था गंभीर संकट की ओर बढ़ रही है, देश में बेरोजगारी बढ़ रही है, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर कमजोर है और शिक्षा व्यवस्था में भी कई बड़ी खामियां हैं। राहुल ने 'मेक इन इंडिया' और 'स्टार्टअप इंडिया' जैसी सरकारी योजनाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा था कि इनसे देश की आर्थिक बुनियाद मजबूत करने में अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। उनके इसी बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।