मद्रास हाईकोर्ट ने मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार को तगड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने TVK विधायक सी अरुण विग्नेश पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों से निपटने के सरकार के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए और यह तक कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि सरकार आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है।
यह मामला तब सामने आया जब कल्लाकुरिची की महिला जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप TVK विधायक पर लगे। मामला करीब तीन महीने पुराना है। खबर सामने आते ही राज्य में बवाल मच गया। डीएमके सांसद कनिमोझी ने इस पर आपत्ति जताई, जबकि डीएमके और AIADMK ने 12 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों के पास शिकायतें दर्ज कराईं। कांग्रेस ने भी जांच की मांग की। आरोपी विधायक ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता ने सोमवार को जिले के पुलिस अधीक्षक के पास खुद शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अदालत ने सरकार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पूछा कि महीनों पहले मामले की जानकारी मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। शिकायत से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस लक्ष्मीनारायणन ने मामले की जांच के लिए सरकार को एक कमिटी बनाने का आदेश दिया। कोर्ट ने पूछा कि 31 जुलाई को मामला सामने आने के बाद क्या कार्रवाई हुई और सरकार खुद पहल करके कदम क्यों नहीं उठा सकती।
हाईकोर्ट ने महिला कलेक्टर की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों के बारे में भी सवाल किया और कहा कि यौन उत्पीड़न से सुरक्षा महिला के पद के आधार पर तय नहीं हो सकती। कोर्ट ने सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान उजागर होने पर भी नाराजगी जताई। राज्य सरकार ने कहा कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी शेयर होने से नहीं रोक सकती, लेकिन कोर्ट इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुई और कहा कि यह कार्रवाई न करने का बहाना नहीं हो सकता।
