पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। मेडिकल रिपोर्ट में जहर की आशंका जताई गई है। मेडिकल सूत्रों के मुताबिक, वह बेहोश हैं और उनकी आंखें भी नहीं खुली हैं। शनिवार रात करीब 9 बजे हिंगलगंज स्थित अपने घर पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। परिवार उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर रविवार को उन्हें कोलकाता शिफ्ट किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेखा पात्रा के परिवार का दावा है कि उन्होंने हर्बल कीटनाशक निगल लिया था। अस्पताल के रेफरल कार्ड में भी इसका जिक्र होने की बात सामने आई है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने कहा है कि जहर की पुष्टि अभी नहीं हुई है और सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि तबीयत किस वजह से बिगड़ी। उन्होंने बताया कि परिवार के मुताबिक फूड पॉइजनिंग की बात सामने आई थी और बाद में उन्होंने कहा कि रेखा की हालत में सुधार हुआ है।
आरएन टैगोर अस्पताल के निदेशक और प्रमुख अभिजीत सीपी ने कहा कि अस्पताल की ओर से कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया जाएगा। अस्पताल राज्य सरकार को सेहत से जुड़ी जानकारी दे रहा है और मीडिया को अपडेट राज्य सरकार ही देगी।
रेखा पात्रा 2024 में संदेशखाली आंदोलन के दौरान चर्चा में आई थीं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और जमीन पर कब्जे के आरोप लगाए थे और संदेशखाली मामले में सबसे पहले केस दर्ज कराने वाली महिलाओं में शामिल थीं। 26 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बातचीत की थी और कहा था कि उन्होंने संदेशखाली में बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी है और वह एक तरह से शक्ति स्वरूपा हैं। सीपीआई(एम) नेता शतारूप घोष और तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने मामले की जांच की मांग की है।
