कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शीर्ष नेताओं में शामिल आशुतोष रांका ने स्पष्ट किया है कि पार्टी का फिलहाल चुनाव लड़ने का कोई प्लान नहीं है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उनसे चुनाव और राजनीति को लेकर सवाल पूछे गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि हमेशा आंदोलन वाले मोड में भी नहीं रहा जा सकता। सीजेपी ने SIR और भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
रांका ने कहा कि वे लोग एक स्वतंत्र समूह हैं और उनका अपना स्पष्ट एजेंडा है। उन्होंने बताया कि अगर कोई राजनीतिक दल उनके एजेंडे से जुड़कर आंदोलन करता है तो वे उसका समर्थन करते हैं, लेकिन राजनीतिक दलों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखना जरूरी है। उनके मुताबिक, अगर किसी राज्य में कांग्रेस की सरकार आकर कुछ गलत करेगी तो वे कांग्रेस से भी सवाल करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर आज केंद्र में कांग्रेस की सरकार होती तो सवाल कांग्रेस से भी होता, क्योंकि वे असल में एक न्यूट्रल संगठन हैं।
रांका ने यह भी बताया कि आज भाजपा से सवाल इसलिए पूछे जा रहे हैं, क्योंकि उसकी केंद्र में सरकार है और 21 राज्यों में सरकार है। उन्होंने कहा कि कल को कांग्रेस या आम आदमी पार्टी के साथ ऐसा होगा तो उनका रुख यही रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीजेपी INDIA अलायंस का हिस्सा नहीं है और वे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव में उतरने की संभावना पर उन्होंने कहा कि वे इतना नहीं सोचते और अभी छह महीने से साल भर के दायरे में काम करते हैं।
इस बीच, रविवार को सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा कि गोवा में पहली मीटिंग हुई है, जिसपर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खबर है कि इस अभियान का नाम चिल्ला केतम गोवा रखा गया है, जिसके तहत पार्टी गोवा में लोगों से सीधे जुड़ने की तैयारी कर रही है। इस तटीय राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
