अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली से ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव अयोध्याधाम जंक्शन पर आयोजित भव्य समारोह में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
अयोध्या से जनकपुर की दूरी 604 किलोमीटर है, जिसे यह ट्रेन लगभग 18 घंटे में तय करेगी। इस ट्रेन में भारत और नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा का अवसर मिलेगा। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ट्रेन सोमवार को शाम पांच बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी, जबकि जनकपुर से यह शनिवार को दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी।
ट्रेन का ठहराव अयोध्या कैंट, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिहसो, मधुबनी, जयनगर और जनकपुर में होगा।
उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए अयोध्याधाम क्षेत्र में सोमवार को सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के सुदृढ़ प्रबंध किए गए हैं।
