गोवा विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने ऐलान किया है कि वह गोवा के लिए सिटिजेन मैनिफेस्टो जारी करेगी। पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने बताया कि यह घोषणापत्र आम लोगों से बातचीत के आधार पर तैयार होगा और इसमें उनकी मांगें शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जो भी राजनीतिक दल गोवा में वोट मांगने आएगा, उसे अपने घोषणापत्र के बजाय इस मैनिफेस्टो में लिखी मांगों पर सहमति जतानी होगी। रांका के अनुसार, गोवा के लोग केवल उसी पार्टी को वोट देंगे जो इन मांगों को पूरा करने पर राजी होगी। घोषणापत्र का पहला एजेंडा 39ए को हटाना होगा।
गोवा में आयोजित सीजेपी क्लब में रांका ने कहा कि अगले तीन महीनों में गोवा के लोगों के पास बड़ा मौका है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ मिलकर मैनिफेस्टो तैयार करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीजेपी चुनाव नहीं लड़ेगी। पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने कहा कि वे चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि लोगों का साथ देने आए हैं।
रांका ने पिछले एक महीने चुप रहने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि पार्टी का एजेंडा सिर्फ भारत को बचाना नहीं, बल्कि इससे कहीं आगे है। उनके मुताबिक, देश का भविष्य युवा तय करेंगे और 2047 में भारत कैसा होगा, यह भी युवाओं का फैसला होगा। उन्होंने कहा कि सीजेपी का प्लैटफॉर्म देशभर के युवाओं ने मिलकर बनाया है।
दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों को प्रभावित करने वाले असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक विभाजन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने निर्वाचित नेताओं की खरीद-फरोख्त और वोट चोरी की भी आलोचना की। दीपके ने नागरिकों से धर्म और जाति की पहचान से ऊपर उठकर रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।
