बेंगलुरु के पद्मनाभनगर स्थित राघवेंद्र लेआउट के SRRK तुलसी अपार्टमेंट में 16 नवंबर की रात एक 18 वर्षीय युवक की उसके पिता ने हथौड़े से मारकर और चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इसके बाद अपनी पत्नी को भी मारने की कोशिश की और उसे फ्लैट के एक कमरे में चार दिन तक बंद रखा। दंपती अक्टूबर 2024 से यहां किराए पर रह रहा था। मकान मालिक के अनुसार, पिछले छह महीनों से परिवार में अक्सर झगड़े होते थे और पड़ोसियों ने कई बार इसकी शिकायत की थी।

19 नवंबर को मकान मालिक फ्लैट पहुंचा, लेकिन काफी देर घंटी बजाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और रात 11 बजे ताला खोलने वाले को बुलाकर दरवाजा खोला गया। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, 44 वर्षीय सुदीप को अपनी पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था, और इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। सुदीप पहले निजी बैंकिंग क्षेत्र में काम कर चुका है। सीमा (43) एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। सोहम सीमा की पहली शादी से बेटा था और सुदीप उसका दूसरा पति था।

एक अलग घटना में, कर्नाटक के मंगलुरु स्थित कनाचुर मेडिकल कॉलेज कैंपस से गुरुवार शाम एक मेडिकल छात्रा को कथित तौर पर किडनैप किया गया। सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोग छात्रा को जबरन खींचकर गाड़ी में बैठाते और वहां से ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि छात्रा के परिवार के लोग उसे अपने साथ ले गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रा मुस्लिम थी और वह एक हिंदू युवक के साथ रिश्ते में थी, जिसका परिवार विरोध कर रहा था। हालांकि, पुलिस इस मामले में अपहरण के पीछे की वजह और शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है और रिश्ते तथा घटना की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने केस दर्ज कर छात्रा का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिसकमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी के मुताबिक, छात्रा बालिग है और उसे अपनी मर्जी से रहने और जीवनसाथी चुनने का अधिकार है, और किसी बालिग को उसकी इच्छा के खिलाफ ले जाना अपराध है।