पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर आम आदमी पार्टी ने हमला बोला है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को इस गठबंधन को 'ठग समझौता' करार दिया और कहा कि इसका मकसद पंजाब की जनता की सेवा नहीं, बल्कि दोनों दलों के परिवारों और चुनावी सीटों को बचाना है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जो दल कल तक तीन कृषि कानूनों, पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और सिख संस्थाओं पर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे, वे सत्ता के लालच में फिर साथ आ गए हैं।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले चुनाव को देखते हुए भाजपा सत्ता के लालच में किसी भी दल से हाथ मिला सकती है। केजरीवाल ने कहा कि आप का असली गठबंधन पंजाब की महिलाओं, अनुसूचित जाति समुदाय, किसानों और व्यापारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन को नहीं भूली है।

आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उस घोषणा का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा-शिअद गठबंधन में अकाली दल की भूमिका 'बड़े भाई' की होगी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा पहले भी सहयोगी दलों को 'बड़ा भाई' बताकर उनका राजनीतिक अस्तित्व खत्म करती रही है और उन्होंने बीजू जनता दल तथा बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी का उदाहरण दिया।

आप नेता मनीष सिसोदिया ने भी गठबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गठबंधन ने पंजाब में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े नेताओं को एकजुट कर दिया है। सिसोदिया ने कहा कि पंजाब की जनता जानती है कि भाजपा और अकाली दल साथ आ रहे हैं या पुराने नशा तस्कर फिर से हाथ मिला रहे हैं।