बिहार के सभी मेडिकल कॉलेजों में अब केवल नियमित प्राध्यापक या वरिष्ठ चिकित्सक ही विभागाध्यक्ष बन सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने यह कदम पढ़ाई का स्तर सुधारने और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया है।

स्वास्थ्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी सह संयुक्त सचिव रेणु कुमारी ने सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों को जारी निर्देश में कहा है कि किसी भी विभाग की कमान अब संविदा या कनीय चिकित्सकों के हाथ में नहीं रहेगी। विभाग ने नेशनल मेडिकल कमीशन के मानकों के आधार पर नियमित प्राध्यापकों और वरीयता क्रम को सख्ती से लागू करने को कहा है। विभागाध्यक्ष के चयन की जिम्मेदारी प्राचार्य को सौंपी गई है।

श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एसकेएमसीएच) मुजफ्फरपुर के कुछ विभागों में वर्तमान में वरीयता क्रम की अनदेखी या तकनीकी कारणों से कनीय चिकित्सक प्रभारी विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। नए निर्देश के बाद इन विभागों में फेरबदल की स्थिति बन रही है और कॉलेज प्रशासन ऐसे विभागों की सूची तैयार कर रहा है, जहां नए सिरे से प्रभार सौंपा जाना है।

एसकेएमसीएच की प्राचार्य डॉ. कुमारी विभा ने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सकों के विभागाध्यक्ष बनने से प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत होगा और पीजी व यूजी छात्रों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस बाबत आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।