प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के राघोपुर में कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच बने सिक्सलेन नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे। करीब 5000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल से दशकों से उपेक्षित राघोपुर दियारा को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और इलाके में विकास की गति तेज होने की उम्मीद है।

आजादी के बाद लंबे समय तक राघोपुर के लोगों के लिए नाव ही यातायात का मुख्य साधन था। वर्ष 1997 में यहां पहली बार पीपा पुल बना, लेकिन छह माह ही इसका सहारा मिल पाता था, शेष समय लोगों को नाव से आना-जाना पड़ता था। वर्ष 2015 में राघोपुर में दो और बिदुपुर की ओर से एक समेत तीन पीपा पुल दिए गए। राघोपुर के लोग करीब 68 वर्षों तक पक्के पुल के लिए संघर्ष करते रहे। बिहार में एनडीए की सरकार बनने के बाद पुल के निर्माण का रास्ता खुला। वर्ष 2012 में इसकी डीपीआर बनी और करीब 3500 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाने की मंजूरी दी गई। वर्ष 2015 में काम शुरू हुआ, जिसकी लागत बाद में बढ़कर करीब 5000 करोड़ रुपये हो गई।

पुल बनने से इलाके में जमीन की कीमतों में तेज उछाल आया है। राघोपुर के जमालपुर, हेतमपुर, रुस्तमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में जमीन का रेट पहले 20 हजार से 50 हजार रुपये कट्ठा था, जो अब पांच से सात लाख रुपये कट्ठा है। राघोपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में जमीन का रेट चार से पांच गुना बढ़ गया है। प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के बाजार और मार्केट में जमीन पहले करीब पांच लाख रुपये कट्ठा बिकती थी, जो अभी पांच से सात लाख रुपये कट्ठा बिक रही है। वैशाली के अलावा पटना जिले के कई लोगों ने पुल के पास जमीन खरीदी है और अब भी खरीद रहे हैं।

समाजसेवी शांति यादव ने कहा कि सिक्सलेन सेतु बनने के बाद जमीन की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है और रोजगार का नया दौर शुरू होगा। यहां नए संस्थान, मान्यता प्राप्त स्कूल-कॉलेज खुलेंगे और व्यापार बढ़ेगा। राघोपुर के गौतम सिंह ने कहा कि नवनिर्मित नीतीश सेतु राघोपुर के भाग्योदय का कारण बनेगा। इस सेतु से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को मजबूत कनेक्टिविटी मिलेगी और राज्य के विभिन्न जिलों को राजधानी से जोड़ने का त्वरित साधन उपलब्ध होगा।