गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान बैकहो लोडर की चपेट में आकर 14 वर्षीय किशोर आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं जोड़ दी हैं। एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार, 18 नवंबर को अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट से चौरीचौरा के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। झारखंडी मोड़ के पास सिंघड़िया क्षेत्र में स्वागत के लिए खड़े बैकहो लोडर की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन की मौत हो गई थी। वह केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। ओंकार सिंह की तहरीर पर एम्स थाने में पहले लापरवाही से वाहन चलाने और मृत्यु कारित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान वादी के दूसरे प्रार्थना पत्र और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) हत्या और 61(2) आपराधिक षड्यंत्र जोड़ी है।

मामले में बैकहो लोडर चालक विनोद सिंह समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चार सपा नेता बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों में झंगहा क्षेत्र के गहिरा शाही टोला निवासी विनोद सिंह, राघोपट्टी निवासी नरसिंह यादव, पादरी बाजार-मोहानापुर निवासी राहुल यादव, रामपुर गोपालपुर निवासी वीरेंद्र यादव और चिलुआताल क्षेत्र के रामपुर चक निवासी शिवांग निषाद शामिल हैं। आरोपितों को दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस के लिए तारामंडल निवासी मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू की तलाश अहम है, जिसे रोड शो का आयोजक बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। हादसे में शामिल बैकहो लोडर के मालिक की भूमिका और रोड शो में शामिल अन्य वाहनों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस पहले ही तीन अन्य बैकहो लोडर और दो क्रेन कब्जे में ले चुकी है।

उधर, हिरासत में लिए गए सपा नेताओं को छोड़ने की मांग को लेकर अभिनेत्री और सपा नेत्री काजल निषाद शुक्रवार शाम एम्स थाने पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। उन्होंने पुलिस से नेताओं को हिरासत में लेने की वजह पूछी। इस दौरान थाने पर सपा नेताओं और पुलिस के बीच गहमागही का माहौल बना रहा। पुलिसकर्मियों ने समझाकर उन्हें बाहर किया। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर हादसे में शिवांग निषाद, नरसिंह यादव, राहुल यादव और वीरेंद्र यादव को झूठे आरोपों में जेल भेजे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं, फिर भी अन्याय किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेकर मामले की जांच कराने की मांग की है।