पश्चिमी चंपारण में गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे के लिए भूअर्जन का काम तेजी से चल रहा है। जिला भूअर्जन कार्यालय की ओर से थ्री डी भेजा जा चुका है और विभाग 5 दिसंबर तक थ्री जी भेजने की तैयारी में जुटा है। एनएचएआई ने थ्री जी के लिए 5 दिसंबर की समय सीमा तय की है। समय पर यह न भेजे जाने पर प्रारंभिक स्तर से काम शुरू करने की नौबत आ सकती है। थ्री जी के तहत सक्षम प्राधिकारी द्वारा मुआवजे का निर्धारण व अवार्ड पारित किया जाता है, जिसके बाद जिले को मुआवजे की राशि मिलेगी और आगे की प्रक्रिया बढ़ेगी।

इससे पहले थ्री ए से थ्री डी तक प्रस्ताव भेजा जा चुका है तथा 21 दिनों की अवधि में संबंधित भूधारियों से थ्री सी के तहत अनापत्ति ली जा चुकी है। परियोजना के तहत बैरिया और नौतन प्रखंड के 14 गांवों में 2677 रैयतों से 183.0466 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना है। बैरिया प्रखंड में बैजुआ, अल्पाहा, गंभीरपुर, लौकरिया, बैरिया, मियांपुर व तधवानंदनपुर गांव शामिल हैं, जबकि नौतन प्रखंड में नौतन दूबे, झखरा, तेल्हुआ, गहिरी टोला, गहिरी, मड़आहां व परसौनी गांव की भूमि ली जाएगी।

एक्सप्रेसवे के निर्माण से पश्चिम चंपारण में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी और कई राज्यों व राजधानियों से सीधा संपर्क जुड़ने से व्यापार, कृषि, पर्यटन व उद्योग के नए अवसर बनेंगे। किसानों व कारोबारियों को बड़े बाजारों तक उत्पाद पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी और रोजगार बढ़ने से जिले के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि किसी परेशानी से बचने के लिए भूअर्जन कार्य तेजी से करने का निर्देश दिया गया है।