केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर पिछले कई महीनों से अटकलें चल रही हैं। मीडिया रिपोर्टों में 23 नवंबर तक कैबिनेट विस्तार की चर्चा की गई है, लेकिन अभी तक इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पश्चिम बंगाल से जुड़ी खबरों में कहा जा रहा है कि सुकांत मजूमदार और शांतनु ठाकुर के बाद राज्य के कुछ और भाजपा सांसदों को इस विस्तार में जगह मिल सकती है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से यह भी कहा गया है कि पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य को नरेंद्र मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

इस बीच भाजपा में बैठकों का दौर जारी है। हाल ही में दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्रिमंडल की एक अहम बैठक हुई, जिसमें मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की गई। बुधवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और भाजपा नेता बीएल संतोष ने प्रधानमंत्री आवास पर एक लंबी बैठक की। इसके बाद गुरुवार को शुभेंदु अधिकारी ने भी दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की। शुक्रवार को कोलकाता में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक होनी है।

फिलहाल केंद्रीय कैबिनेट में पश्चिम बंगाल से दो मंत्री हैं। बालुरघाट लोकसभा सीट से सांसद सुकांत मजूमदार के पास शिक्षा मंत्रालय और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी है, जबकि बनगांव सीट से सांसद शांतनु ठाकुर पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं।

पश्चिम बंगाल में 2026 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली थी। पार्टी ने 208 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई, जबकि ममता बनर्जी 80 सीटों पर सिमट गईं। इसके बाद दो सीटों पर हुए उपचुनावों में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया और मुस्लिम सीट पर भी जीत हासिल की। इस जीत के बाद रिटर्न गिफ्ट के तौर पर केंद्रीय कैबिनेट में बंगाल की हिस्सेदारी बढ़ने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।