सोनिया गांधी की किताब के विरोध में हुए एक कार्यक्रम के दौरान शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता शाइना एनसी ने कुछ तस्वीरें फाड़ी थीं, जिनमें बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी शामिल थी। इस पर विवाद बढ़ने के बाद शाइना एनसी ने गुरुवार को माफी मांगी और इसे गलती बताया। उन्होंने कहा कि उनका बालासाहेब ठाकरे का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने तस्वीर का वह हिस्सा फाड़ा था जिसमें कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर दिख रहे थे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी उनका बचाव किया।
हालांकि, उद्धव ठाकरे गुट इस माफी से संतुष्ट नहीं है। शिवसेना (UBT) की पिंपरी-चिंचवड इकाई के अध्यक्ष चेतन पवार ने गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए घोषणा की कि शाइना एनसी को थप्पड़ मारने वाले को 71,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुंबई में पार्टी के एक पदाधिकारी ने पहले ही ऐसे व्यक्ति के लिए 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है, और अब पिंपरी-चिंचवड इकाई की ओर से यह अतिरिक्त इनाम रखा जा रहा है।
बता दें कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर के जिक्र का विरोध करते हुए शिवसेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। इस दौरान पार्टी के नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़े थे। शाइना एनसी को भी एक तस्वीर फाड़ते हुए देखा गया था, जिसमें बालासाहेब ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मारते हुए दिख रहे थे।
शिवसेना (UBT) के नेताओं ने इस घटना की आलोचना की थी। विवाद बढ़ता देख शाइना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे के प्रशंसकों से माफी मांगी और कहा कि अगर उनकी किसी हरकत से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो वे इसके लिए माफी मांगती हैं।
