कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के शीर्ष नेताओं में शामिल सौरभ दास ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के कुछ मतदाता भी भाजपा से नाराज चल रहे हैं। एक पॉडकास्ट में उन्होंने इस संबंध में एक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर लोग उनसे मिलते हैं और तारीफ के बाद यह कहते हैं कि वे पहले भाजपा का समर्थन करते थे, लेकिन अब नहीं करते। दास ने दिवाली के दिनों का एक वाकया भी सुनाया, जब उनके एक मित्र की दुकान पर खड़े एक व्यक्ति ने उनके साथ फोटो खिंचवाई और कहा कि वह भाजपा समर्थक रहा है, लेकिन अब पार्टी ने "बहुत ज्यादा कर दिया है"।

पॉडकास्ट में सौरभ दास ने भाजपा के मॉडरेट मतदाताओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग एकदम ब्रेन वॉश हो चुके हैं, उन्हें छोड़ दिया जाए, लेकिन मॉडरेट वोटर्स को सच और हकीकत दिखाना जरूरी है। उन्होंने इस श्रेणी के मतदाताओं को लेकर कहा कि उनके पास इस बारे में कोई जवाब नहीं है।

इस बीच सौरभ दास उत्तर प्रदेश में सीजेपी के 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत स्कूलों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पश्चिमी यूपी की टीम ने चार जिलों के 20 सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट किया। उनकी रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बच्चे बहुत खराब हालत में पढ़ने को मजबूर हैं, जो चिंताजनक है। पार्टी ने अभी तक किसी नए प्रदर्शन का ऐलान नहीं किया है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में चुनाव होने हैं। इसके अलावा गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और पंजाब में भी विधानसभा चुनाव होंगे। हाल ही में सीजेपी ने अपनी टीम का विस्तार किया है और यूपी, महाराष्ट्र, बिहार समेत 10 जोन में टीमों की घोषणा की है, जिसमें सबसे बड़ी टीम यूपी में उतारी गई है। पॉडकास्ट में दास ने साफ किया कि फिलहाल सीजेपी की राजनीतिक दल बनने में दिलचस्पी नहीं है और वे अभी प्रेशर ग्रुप के रूप में ही बने रहना चाहते हैं।