छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो गया। व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। अर्घ्य के लिए लोग सुबह चार बजे से ही घाटों पर पहुंचने लगे थे। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में गंगा-यमुना समेत अन्य नदियों और तालाबों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दिल्ली में यमुना के घाटों पर सूर्योदय के समय करीब सवा लाख लोग मौजूद थे। बिहार में सबसे पहले किशनगंज में सुबह 5:57 बजे सूर्योदय हुआ और अर्घ्य के साथ उपवास खत्म हुआ। राज्य के करीब डेढ़ करोड़ घरों में छठ पूजा की गई और सुबह चार बजे से ही 10 हजार से ज्यादा घाटों पर भीड़ उमड़ने लगी थी।

बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में कैदियों ने भी छठ पूजा की। इसके लिए जेल परिसर में विशेष घाट बनाया गया था, जहां 75 महिलाओं और 62 पुरुषों समेत कई कैदियों ने पूजा की। विदेश में भी छठ पर्व आस्था के साथ मनाया गया। अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे पूर्वांचल के लोगों ने छठ मनाया।

देश के विभिन्न हिस्सों में भी श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। दिल्ली में यमुना नदी के कालिंदी कुंज घाट पर श्रद्धालुओं ने उषा अर्घ्य दिया, जबकि असम के डिब्रूगढ़ में बारिश के बीच पूजा-अर्चना की गई। पुरी के नरेंद्र कोना तालाब, मुंबई के जुहू बीच, कोलकाता के कदमतला घाट और जयपुर के गलताजी तीर्थ स्थल पर भी श्रद्धालु जुटे। भुवनेश्वर के कुआखाई नदी घाट पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय कुमार और परिवहन आयुक्त अमिताभ ठाकुर ने भी अर्घ्य दिया।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में अपनी पत्नी के साथ पूजा-अनुष्ठान किए। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में घाट पर सुबह का अर्घ्य दिया और अपने पैतृक गांव लखनपुर में भी पूजा की, जहां उनके साथ पत्नी ममता चौधरी, छोटी बहन भावना सिंह और भाभी मीना देवी भी मौजूद रहीं। पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने परिवार के साथ अर्घ्य देकर लोगों के कल्याण की कामना की। भागलपुर में महिलाओं ने दंडवत करते हुए घाटों तक पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।