देशभर में महापर्व छठ का तीसरा दिन रविवार को संध्या अर्घ्य के रूप में मनाया गया। व्रतियों ने नदियों और तालाबों के किनारे पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिनों का यह महाव्रत पूरा होगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में गोमती नदी के किनारे लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर पूजा-अर्चना की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार क्लब में सूर्य को अर्घ्य दिया। इस मौके पर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे। सीएम गुप्ता ने कहा कि यह बहुत शुभ दिन है और पूर्वांचल के लाखों लोग यमुना घाटों पर एक साथ छठ का पर्व मना रहे हैं। उन्होंने छठी मैया से सभी पर आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।
दिल्ली में छठ पूजा के लिए करीब 1400 घाट तैयार किए गए हैं। भीड़ को देखते हुए रविवार दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर सुबह 8 बजे तक यमुना घाटों से सटे रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। दिल्ली सरकार ने 16 नवंबर को छुट्टी का ऐलान किया है, जबकि यूपी में 15 और 16 नवंबर को छुट्टी रहेगी। सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो सुबह 4:30 बजे से चलना शुरू होगी। आम दिनों में मेट्रो सेवा सुबह 6 बजे शुरू होती है।
देश के अन्य हिस्सों में भी छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संध्या अर्घ्य में शामिल हुए। पंजाब के लुधियाना, गुजरात के अहमदाबाद, असम के गुवाहाटी, त्रिपुरा के अगरतला, अरुणाचल प्रदेश के निरजुली, पश्चिम बंगाल के कोलकाता और गोरखपुर समेत कई जगहों पर श्रद्धालुओं ने नदी किनारे पूजा-अर्चना की। रिपोर्ट्स के मुताबिक देश-विदेश से 50 लाख से ज्यादा लोग छठ के लिए घर लौटे हैं।