साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक चीन भारत से सटी अपनी पश्चिमी सीमा के करीब एक बड़ा हवाई युद्धाभ्यास करने जा रहा है। इस अभ्यास का नाम रेड स्वॉर्ड है। इसी वजह से इस इलाके के 11 एयरबेसों पर 300 से ज्यादा सैन्य विमानों को इकट्ठा किया गया है। रेड स्वॉर्ड चीनी वायुसेना की एक सालाना एक्सरसाइज है। इस अभ्यास को चीन की पश्चिमी सीमा के दूर दराज के इलाकों और गोबी मरुस्थल में स्थित डिंगक्सिन टेस्ट एंड ट्रेनिंग सेंटर के आसपास आयोजित किया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक सैटेलाइट तस्वीरों से इस तैनाती का खुलासा हुआ है। जिन विमानों को सीमा के करीब तैनात किया गया है, उनमें J-20 स्टील्थ फाइटर जेट, H-6 हैवी बॉम्बर और YY-20 एरियल रिफ्यूलिंग टैंकर विमान शामिल हैं। चीनी वायुसेना लड़ाकू विमानों के मामले में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी वायुसेना है। इसके पास कुल 4,179 एक्टिव मिलिट्री एयरक्राफ्ट हैं, जिनमें 2470 लड़ाकू विमान शामिल हैं। चीन के पास अमेरिका के बाद पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमानों का दूसरा सबसे बड़ा बेड़ा है, जिसमें J-20 विमानों की संख्या लगभग 300 है। इसके अलावा चीन के पास J-35 फाइटर जेट भी है। चीनी वायुसेना H-6 बमवर्षक विमानों को भी ऑपरेट करती है। उसके अलावा अमेरिका और रूस की वायुसेनाएं ही बमवर्षक विमान को उड़ाती हैं। इस अभ्यास में चीनी वायुसेना के लड़ाकू विमान, बमवर्षक, अर्ली वार्निंग (AWACS/KJ-500), टोही विमान, ड्रोन और एयर डिफेंस यूनिट हिस्सा लेती हैं। इस दौरान लॉजिस्टिक तैयारियों जैसे- दूरदराज के इलाकों में विमानों की तैनाती, उनमें ईंधन भरने, मेंटीनेंस के स्तर को जांचने, सैनिकों के लिए रसद और हथियारों की आपूर्ति को सुनिश्चित करने की कोशिशों को भी परखा जाता है। चीनी सेना यह भी देखती है कि वह दुश्मन के इलाके के करीब स्थित एयरबेसों से कितनी तेजी से ऑपरेट कर सकती है।