उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज है। इस बीच युवाओं के आंदोलन से उभरी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) ने अपना रुख साफ कर दिया है। पार्टी के संयोजक अभिजीत दिपके ने मंगलवार को घोषणा की कि सीजेपी न तो आगामी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी और न ही किसी राजनीतिक दल का समर्थन करेगी।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत में दिपके ने कहा कि उनका संगठन इस सियासी रस्साकशी से खुद को अलग रखेगा कि उत्तर प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी और किसकी नहीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनावी अभियान जाति और धर्म की राजनीति के बजाय राज्य के युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होगा।

दिपके ने कहा, "हम चुनाव में नहीं उतरने जा रहे हैं, लेकिन चुनाव युवाओं के मुद्दों पर होने चाहिए। हम कब तक जाति और धर्म के नाम पर चुनाव लड़ते रहेंगे? आज पूरी दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रिन्यूएबल एनर्जी पर चर्चा कर रही है।" उन्होंने जोर दिया कि राजनीतिक दलों को रोजगार के अवसर पैदा करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।

संभावित गठबंधनों पर पूछे गए सवाल के जवाब में दिपके ने कहा कि सीजेपी किसी भी पार्टी के साथ खड़ी नहीं होगी। उन्होंने कहा, "हम इस पर कुछ नहीं बोलेंगे कि किसे सरकार बनानी चाहिए और किसे नहीं। हम चाहते हैं कि देश की राजनीति रोजगार और बेहतर शिक्षा पर केंद्रित हो।" गौरतलब है कि हाल ही में पार्टी ने उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों में समन्वय समितियां गठित की थीं, जिसके बाद 2027 के यूपी चुनाव में उतरने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

दिपके ने महाराष्ट्र में बड़े आंदोलन का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को नागपुर में बहुत बड़ी जनसभा होगी। यह आंदोलन समझौता कर चुके चुनाव आयोग के खिलाफ होगा और इसमें लोकतंत्र को मजबूत करने के तरीकों पर भी बात होगी। उन्होंने कहा कि जब तक संस्थाओं की जवाबदेही तय नहीं होगी और उन्हें स्वतंत्र नहीं बनाया जाएगा, तब तक लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता।