जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद देशभर में पारा लगातार गिर रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में झीलें जम चुकी हैं, जबकि मैदानी राज्यों में कोहरा बढ़ गया है। रात का तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी है। मध्य प्रदेश के भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज किया गया, जो शिमला (9.2°C) और शिलांग (9.3°C) से भी कम रहा। देश के मैदानी शहरों में भोपाल छठे स्थान पर रहा। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3°C दर्ज किया गया। सोमवार को श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज हुई, जहां पारा माइनस 1.6°C तक गया, जबकि पहलगाम में तापमान माइनस 4.6°C रहा।
राजधानी दिल्ली की हवा लगातार 10वें दिन जहरीली बनी हुई है। मंगलवार को डेटा रिकॉर्ड करने वाले 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 34 पर हवा की गुणवत्ता 'खराब', 19 पर मॉडरेट और 5 पर बहुत खराब श्रेणी में रही। IMD के 'एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम' के अनुमान के मुताबिक, अगले तीन दिन तक दिल्ली की हवा बेहद खराब रहने की संभावना है।
CPCB के मानकों के अनुसार 0-50 AQI को अच्छा, 51-100 को संतोषजनक, 101-200 को मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों (26 और 27 नवंबर) के तापमान का पूर्वानुमान जारी किया गया है। ठंड बढ़ने के साथ स्वास्थ्य विशेषज्ञ सावधानी बरतने की सलाह देते हैं, खासकर सुबह और देर रात बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने और प्रदूषण वाले इलाकों में मास्क के इस्तेमाल पर जोर दिया जाता है।
