बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की योजना को खारिज कर दिया है। हसीना ने 16 दिसंबर को विजय दिवस के मौके पर लौटने की योजना बनाई है। इस बीच पूर्व राजनयिक वीणा सीकरी ने कहा है कि हसीना जान का खतरा होने पर भी अपने देश में लौटना चाहेंगी।

हसीना के प्रवक्ता के मुताबिक, उन्होंने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान एयरलाइन्स के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। उनके वकील ने नौ और 19 नवंबर को पत्रों के जरिए नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से जरूरी यात्रा दस्तावेजों का अनुरोध किया था। हसीना पांच अगस्त 2024 को भारत आई थीं और यहां निर्वासन में रह रही हैं।

ढाका में इस पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। सरकार ने कहा है कि हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा और उनके साथ वैसा ही बर्ताव किया जाएगा जैसा विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े के साथ किया जाता है। बांग्लादेश भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, जबकि नई दिल्ली ने कहा है कि ढाका के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के जरिए इसका अध्ययन किया जा रहा है।

पूर्व राजनयिक वीणा सीकरी ने कहा कि हसीना के वापसी की बात के बाद बांग्लादेश में भूचाल मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि हसीना खुद भी अपने देश लौटना चाहती हैं और उनके समर्थक भी ऐसा ही चाहते हैं। सीकरी के अनुसार, देश से मिले फीडबैक के आधार पर ही उन्होंने यह फैसला लिया होगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के हालात लगातार खराब हो रहे हैं और देश आर्थिक तौर पर गहरे संकट में है। गौरतलब है कि हसीना को नवंबर 2025 में उस जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे। हसीना ने अपने खिलाफ आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि वह लौटकर अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहती हैं।