दुनिया भर में ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 (GTA-6) के लॉन्च को लेकर उत्साह है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर इस गेम का जिक्र करते हुए भारत सरकार के कई बड़े कामों को साझा किया। उन्होंने 'जीटीए-5 और जीटीए-6 के बीच, यह है कैसे' शीर्षक से 10 स्लाइड पोस्ट कीं। इन स्लाइड्स में वर्ष 2013 में जारी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-5 और अब जारी हुए इसके अगले संस्करण ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 के बीच भारत में विकास कार्यों के संदर्भ में तुलना की गई। पोस्ट में कहा गया कि भारत एक बिल्कुल नया खेल खेल रहा है।

अब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इस पोस्ट पर तंज कसा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर अपनी राय रखते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री युवाओं तक पहुंच बनाने की बेताब कोशिश में सोशल मीडिया पर जीटीए-5 और जीटीए-6 की तस्वीरों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह वीडियो गेम एक अपराधी जोड़ी की कहानी पर आधारित है और यह कितनी उपयुक्त बात है।

जयराम रमेश ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन उनके पुराने बयानों के मुताबिक उनका संकेत भाजपा की टॉप लीडरशिप की तरफ था। कांग्रेस पार्टी लगातार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर ऐसे आरोप लगाती रहती है, जिसमें सबसे ज्यादा निशाने पर गृहमंत्री अमित शाह रहते हैं। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के पोस्ट को युवाओं से कनेक्ट करने की एक बेताब कोशिश करार दिया है।