उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गठबंधन को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं। सोमवार को दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर पहले दौर की बातचीत हो सकती है। कांग्रेस ने उम्मीद जताई है कि जल्द दोनों पार्टियां सम्मानजनक समझौते पर पहुंच जाएंगी। सूत्रों के मुताबिक, यह चर्चा राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के घर पर हो सकती है। प्रमोद तिवारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा के पिता हैं। हालांकि, सपा ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
लोकसभा सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि दोनों पार्टियां बेहतर तालमेल के साथ चुनाव में उतरेंगी और जल्द सीट बंटवारा कर प्रचार शुरू करने की कोशिश होगी, ताकि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बन सके। कांग्रेस रणनीतिकारों का मानना है कि सीट की संख्या से ज्यादा जीत अहम है, पर समझौता सम्मानजनक होना चाहिए। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, यह चुनाव कांग्रेस के मुकाबले सपा के लिए ज्यादा अहम है, इसलिए उम्मीद है कि सपा बड़ा दिल दिखाएगी। 2017 में गठबंधन में कांग्रेस के हिस्से 105 सीटें आई थीं और पार्टी का कहना है कि अब उसकी स्थिति मजबूत हुई है, इसलिए अधिक सीटें मिलनी चाहिए।
बातचीत में कांग्रेस की ओर से प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और इमरान मसूद हिस्सा ले सकते हैं। सपा ने इसके लिए चार सदस्यीय समिति बनाई है, जिसमें राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन शामिल हैं। रविवार को पार्टी ने एक्स पर बयान जारी कर बताया कि यह समिति अखिलेश यादव ने गठित की है।
इस बीच अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की संभावनाएं तलाशने की कवायद शुरू कर दी है। पिछले तीन दिनों में उन्होंने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। सूत्रों के अनुसार, चर्चा में विपक्ष के चुनाव प्रचार में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों के प्रमुख चेहरों को शामिल करने की संभावना पर भी विचार हुआ। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और संगठन के एक अन्य प्रमुख चेहरे आशुतोष रांका आप के साथ पहले काम कर चुके हैं, जबकि आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख चेहरा बनकर उभरी हैं।
