चक्रवात अकवान शुक्रवार सुबह ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराया। यह पिछले 24 दिनों में ओडिशा तट पर आने वाला तीसरा समुद्री तूफान है। प्रशासन की मुकम्मल तैयारी के चलते इस बार भी जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वाह्न 11.20 बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 7.30 से 8.30 बजे के बीच अकवान ने गोपालपुर के पास दक्षिणी तटीय ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश को पार किया। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिनके झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहे। तट से टकराने के बाद यह कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। शुरुआत में मौसम वैज्ञानिकों ने तूफान के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान लगाया था, लेकिन बाद में इसने अपना रास्ता बदल लिया।
चक्रवात के असर से ओडिशा के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी है। ओडिशा में गंजाम जिले के पात्रापुर में सबसे अधिक 209 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश हो रही है और उत्तरी हिस्से में भी भारी बारिश की संभावना है, जबकि शनिवार से बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
तूफान से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत इंतजाम किए हैं। राज्य में कुल 3.72 लाख लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। संवेदनशील इलाकों में बचाव और राहत कार्यों के लिए 423 दल तैनात किए गए हैं और लोगों के ठहरने के लिए 9,341 आश्रय स्थल बनाए गए हैं। रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है। पूर्वी तट रेलवे ने बृहस्पतिवार को 41 ट्रेनें रद्द कर दीं और 29 अन्य ट्रेनों के समय में बदलाव किया, जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे ने कम से कम 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं। कोलकाता-भुवनेश्वर रूट की छह उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं। पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहा, लेकिन मंदिर प्रशासन ने भक्तों से मौसम संबंधी परामर्श को ध्यान में रखकर ही दर्शन की योजना बनाने का आग्रह किया है। गुंडिचा मंदिर 21 नवंबर तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा।