देहरादून जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है, जिसमें 12 लाख 28 हजार 746 मतदाता दर्ज हैं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह जानकारी दी गई। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान जिले में 35,883 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 1,934 नाम हटाए गए।

एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत 12 नवंबर को ड्राफ्ट सूची प्रकाशित की गई थी। इसमें 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिला और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में 9,263 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं, जिनमें 8,776 पुरुष और 487 महिला मतदाता हैं।

अपर जिलाधिकारी के अनुसार, चार से 31 अक्टूबर तक चले पुनरीक्षण अभियान में 16,316 पुरुष, 19,563 महिला और चार ट्रांसजेंडर मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 961 पुरुष, 969 महिला और चार ट्रांसजेंडर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। पुनरीक्षण से पहले तीन अक्टूबर तक जिले में 11,94,797 मतदाता पंजीकृत थे।

ड्राफ्ट सूची पर 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची की सॉफ्ट और हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई। अपर जिलाधिकारी ने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और पहली बार मतदान के लिए पात्र होने वालों से सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। मतदाता जागरूकता के लिए जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 123 ईवीएम मशीनें भेजी गई हैं। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली तथा भाजपा, माकपा, बसपा और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।