दिल्ली की हवा बुधवार को लगातार 11वें दिन खराब श्रेणी में रही। 24 घंटे का औसत एक्यूआई 220 दर्ज किया गया, जो मंगलवार के 227 से सात अंक कम है। मौसम विभाग के वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी तंत्र के अनुसार, अगले दो दिन तक हवा खराब श्रेणी में बने रहने की आशंका है, जबकि 28 नवंबर को इसके बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है।

बुधवार को 58 निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में 30 केंद्रों पर हवा खराब, चार पर बहुत खराब और शेष 24 केंद्रों पर मध्यम श्रेणी में रही। आनंद विहार में सबसे अधिक 357 एक्यूआई दर्ज किया गया। दिल्ली में 15 नवंबर से हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है।

वास्तविक समय के स्रोत विश्लेषण के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी सबसे अधिक 22.1 प्रतिशत रही। इसके बाद बायोमास जलने से होने वाले धुएं की हिस्सेदारी 21.3 प्रतिशत, द्वितीयक जैविक एरोसोल की 20.1 प्रतिशत और द्वितीयक अकार्बनिक प्रदूषकों की 15.8 प्रतिशत रही। कचरा जलाने से 7.2 प्रतिशत, पटाखों से 4.7 प्रतिशत, मिश्रित दहन से 3.8 प्रतिशत, औद्योगिक उत्सर्जन से 2.9 प्रतिशत और खनिज धूल व राख से 1.9 प्रतिशत प्रदूषण दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दिनों में प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदूषकों का फैलाव प्रभावित होगा और हवा की औसत रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है। बुधवार को दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा।