नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को स्पष्ट किया कि दोषसिद्धि के फैसले पर केवल इस आधार पर रोक नहीं लगाई जा सकती कि दोषी विधायक विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य हो जाएगा। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने यह टिप्पणी कर्नाटक हाई कोर्ट के 31 जुलाई के आदेश को रद करते हुए की।

पीठ ने कहा कि अगर दोषसिद्धि पर रोक लगाने की शक्ति की ऐसी व्याख्या की जाएगी, तो दोषी ठहराया गया हर विधायक स्वत: रोक के आदेश का हकदार हो जाएगा। ऐसे में वह सदस्य बना रहेगा, अपना कार्यकाल पूरा करेगा और आगे के चुनाव भी लड़ सकेगा, जबकि कानून के तहत तय परिणाम अनिवार्य रूप से लागू होने चाहिए। कोर्ट ने कहा कि दोषसिद्धि पर रोक केवल दुर्लभ और असाधारण मामलों में ही लगाई जा सकती है, और तभी जब अदालत संतुष्ट हो कि दोषी को ऐसे प्रतिकूल परिणाम भुगतने पड़ेंगे जिनकी भरपाई संभव नहीं होगी।

हाई कोर्ट ने भाजपा के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौदर की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए आठ लोगों की सजा निलंबित कर जमानत दी थी, जिनमें कर्नाटक के पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी भी शामिल थे। शीर्ष अदालत ने कुलकर्णी की जमानत रद करते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा काटने के लिए दो सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

पीठ ने कहा कि बिना किसी बाध्यकारी कारण के जघन्य अपराधों में दोषी लोगों को सजा निलंबित करने का लाभ नहीं दिया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि आपराधिक अपील का लंबित होना और निकट भविष्य में सुनवाई की संभावना कम होना हत्या, डकैती, दुष्कर्म और फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में सजा निलंबित करने का आधार नहीं हो सकता। हाई कोर्ट में अपीलों के लंबे समय तक लंबित रहने का मुद्दा मुख्य रूप से प्रशासनिक स्तर पर सुलझाया जाना चाहिए। पीठ ने कहा कि सजा निलंबित करने का आदेश तभी दिया जा सकता है, जब अपीलीय अदालत को लगे कि दोषी के बरी होने की उचित संभावना है।