गाजियाबाद में प्रदूषण कम करने के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त ने बुधवार को कलक्ट्रेट में हुई बैठक में यह जानकारी दी। उम्मीद है कि नए साल तक जिले में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 50 से बढ़कर 150 हो जाएगी। अधिकारी ने कहा कि लोग निजी वाहन छोड़कर इलेक्ट्रिक बसों में सफर करें, इससे प्रदूषण कम होगा।

परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन को वायु प्रदूषण की रोकथाम और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। दौरे के दौरान उन्होंने जिले के नौ हॉटस्पॉट में से साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया और सिद्धार्थ विहार का निरीक्षण किया और प्रदूषण की वजहों तथा रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए आईटीएमएस प्रोजेक्ट की जानकारी के लिए नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया।

बैठक में अधिकारी ने कहा कि प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत है और पुराने वाहन अधिक प्रदूषण फैलाते हैं। सरकार ने डीजल वाहनों के लिए दस साल और पेट्रोल वाहनों के लिए 15 साल की समय सीमा तय की है, तथा उम्र पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप कराने का नियम है। गाजियाबाद में इस दिशा में बेहतर काम हुआ है। उन्होंने मेट्रो ट्रेन के रूट के विस्तार के सुझाव से प्रदेश सरकार को अवगत कराने की बात भी कही, जिससे जाम की समस्या और सड़कों पर वाहन कम हों।

अधिकारी ने आमजन से इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर रोड टैक्स माफ कर रही है और कंपनियों की ओर से लगभग 12 प्रतिशत तक डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। इसके अलावा यूपी एनसीआर के आठ जिलों में अब तक दस हजार लोगों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदने के लिए पंजीकरण कराया है, जिससे सड़कों पर आने पर प्रदूषण में कमी देखने को मिलेगी।