देहरादून स्थित इंडिया आप्टेल लिमिटेड की आयुध निर्माणी में अत्याधुनिक सीएम3-एमआर लक्ष्यदर्शी उपकरण का उत्पादन शुरू हो गया है। बुधवार को यहां तैयार 21 उपकरणों की पहली खेप को कंपनी की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शर्मिष्ठा कौल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह उपकरण तोपों और ड्रोन रोधी प्रणालियों में लक्ष्य को देखने, उसकी पहचान करने, दूरी मापने और सटीक निशाना साधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसका निर्माण फ्रांस की कंपनी सफ्रान के साथ तकनीकी सहयोग से भारत में किया जा रहा है।

सीएम3-एमआर सामान्य दूरबीन नहीं, बल्कि आधुनिक निशाना साधने वाली प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें दिन के समय लक्ष्य देखने के लिए दृश्य कैमरा और अंधेरे में लक्ष्य की पहचान के लिए तापीय चित्रण तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। लगा लेजर दूरी मापक लक्ष्य की दूरी का सटीक आकलन करने में मदद करता है। अलग-अलग दृश्य क्षेत्र और आवर्धन की सुविधा से दूर स्थित लक्ष्य को भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इस तरह यह उपकरण लक्ष्य की पहचान, निगरानी और सटीक निशाना साधने की प्रक्रिया को बेहतर बनाता है।

शर्मिष्ठा कौल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक उत्पाद के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय रक्षा उद्योग में कंपनी की भूमिका मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और उत्पादन टीम को बधाई देते हुए गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति पर जोर दिया। उनके अनुसार, एलएंडटी और सफ्रान जैसी कंपनियों के साथ तकनीकी साझेदारी से देश में विशिष्ट रक्षा तकनीकों का निर्माण संभव होगा और विदेशी आयात पर निर्भरता घटेगी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर के अंत में चंडीगढ़ से के-9 वज्र परियोजना के लिए जड़त्वीय नौवहन प्रणाली की पहली खेप रवाना की गई थी, और अब देहरादून से सीएम3-एमआर की पहली खेप भेजी गई है। उन्होंने भविष्य में हजारों उपकरणों के उत्पादन का लक्ष्य रखा।

आयुध निर्माणी के मुख्य महाप्रबंधक सीएस ठाकुर ने इसे इकाई के लिए गौरव का अवसर बताया। अपर महाप्रबंधक राघव गुप्ता ने उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी दी। समारोह में इंडिया आप्टेल के संचालन निदेशक शंभू शर्मा, वित्त निदेशक विशाल गर्ग, नियंत्रक अनुज गर्ग, आयुध निर्माणी लुधियाना के मुख्य महाप्रबंधक तरुण खट्टर समेत निर्माणी के अधिकारी और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।