दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां टर्मिनल-3 में एक शख्स ने जबरन घुसने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने सीआईएसएफ के एक जवान को धक्का दे दिया और भागने की कोशिश करने लगा।

जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ जवानों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई। जवानों ने चंद सेकंड के भीतर ही उस शख्स को दबोच लिया। एयरपोर्ट जैसे हाई सिक्योरिटी वाले इलाके में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल इस मामले में शख्स की पहचान और उसके इरादे का खुलासा नहीं हो पाया है। यह भी साफ नहीं है कि वह किस वजह से टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश कर रहा था। घटना को लेकर आधिकारिक तौर पर अभी कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।

सीआईएसएफ जवानों की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई जारी बताई जा रही है।