दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे 181 (महिला हेल्पलाइन) और 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) नंबर अपने फोन में सेव करें और परिवार के सदस्यों के साथ भी साझा करें। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि इमरजेंसी के दौरान समय पर मदद मिलना सबसे जरूरी है। सीएम ने महिलाओं की सुरक्षा और सुरक्षित दिल्ली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सीएम रेखा गुप्ता ने एक वीडियो संदेश में कहा कि दो नंबर याद रखने भर नहीं हैं, बल्कि दिमाग में रट लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में लोग अक्सर उलझ जाते हैं और समझ नहीं पाते कि 100 नंबर मिलाएं या 101 डायल करें, किसको बुलाएं या पुलिस को कैसे सूचित करें। ऐसे में ये दो नंबर काम आएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 181 नंबर केवल महिला सहायता हेल्पलाइन है, जबकि 112 हर तरह की इमरजेंसी के लिए है। इस नंबर पर एंबुलेंस, पुलिस या किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए कॉल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई खुद संकट में है या किसी और को परेशानी में देख रहा है, तो इन नंबरों को मोबाइल में इमरजेंसी नंबर के तौर पर सेव कर लेना चाहिए।
सीएम ने कहा कि शहर की हर बेटी और हर महिला की सुरक्षा हमारी सुरक्षा है और यह हमारी साझी जिम्मेदारी है। 181 नंबर पर महिलाएं छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या असुरक्षा जैसी किसी भी परेशानी में कॉल कर सकती हैं, वहीं 112 यूनिवर्सल इमरजेंसी नंबर है जिस पर पुलिस, एंबुलेंस और फायर समेत किसी भी आपात मदद के लिए कॉल किया जा सकता है।
