श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वरिष्ठ अधिवक्ता सैयद फैसल कादरी को केंद्र शासित प्रदेश का एडवोकेट जनरल नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, एलजी की मंजूरी के बाद जल्द ही औपचारिक आदेश जारी किया जाएगा। यह पद अक्टूबर 2024 से खाली था, जब तत्कालीन एडवोकेट जनरल डीसी रैना ने इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार इस पद को भरने पर जोर दे रही थी।
सैयद फैसल कादरी जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट में वकालत करने वाले सीनियर एडवोकेट हैं और उन्होंने कई महत्वपूर्ण संवैधानिक तथा सेवा मामलों में सरकार और विभिन्न विभागों का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कश्मीर यूनिवर्सिटी से 2004 में एलएलबी की डिग्री ली थी और 3 दिसंबर 2020 को उन्हें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट का वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया गया था। उनके पिता प्रो. अफजल कादरी कश्मीर यूनिवर्सिटी के लॉ डिपार्टमेंट के पूर्व हेड और डीन रहे हैं तथा क्रिमिनल लॉ के जाने-माने विशेषज्ञ और शिक्षक माने जाते हैं।
एडवोकेट जनरल के रूप में कादरी जम्मू-कश्मीर सरकार के मुख्य कानूनी सलाहकार होंगे और हाई कोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण मामलों में केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। संविधान के अनुच्छेद 165 के तहत नियुक्त यह अधिकारी राज्य सरकार को कानूनी राय देता है और दीवानी, फौजदारी तथा संवैधानिक मामलों में सरकार की ओर से पेश होता है। एडवोकेट जनरल राज्य विधानमंडल के सत्रों और समितियों में बुलाए जाने पर शामिल होकर अपनी बात रख सकते हैं, लेकिन उन्हें वहां वोट देने का अधिकार नहीं होता।
