हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के धाडोगी गांव में रहने वाले जय प्रकाश को 21 नवंबर की रात अपनी छत पर सफ़ेद और नीले रंग के गुब्बारे लटके मिले। इनके साथ एक बैनर था, जिस पर 'गवर्नमेंट ग्रेजुएट कॉलेज फ़ॉर वीमेन, टाउनशिप, लाहौर, वार्षिक खेल दिवस 2026' लिखा था। पहले उन्हें यह किसी शरारत जैसा लगा और उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुब्बारों और बैनर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

सोलन जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बातचीत में बताया कि गुब्बारों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उनके मुताबिक़, ये हवा में उड़ते हुए यहां पहुंचे और संबंधित एजेंसियों तथा ख़ुफ़िया विभागों की जांच में भी इनमें कुछ संदिग्ध नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के गुब्बारे पहले भी कई बार यहां आ चुके हैं। लाहौर से सोलन की हवाई दूरी कम से कम 272 किलोमीटर है और माना जा रहा है कि इन गुब्बारों ने करीब 42 घंटे में यह सफ़र तय किया।

जांच में पता चला कि गुब्बारे लाहौर के गवर्नमेंट ग्रेजुएट कॉलेज फ़ॉर वीमेन में खेल दिवस के मौके पर छोड़े गए थे। कॉलेज के सोशल मीडिया पेज पर भी इन गुब्बारों और बैनर की तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं। जय प्रकाश ने सोशल मीडिया के जरिए कॉलेज का पेज खोजा और अंग्रेजी में संदेश लिखा, "मेरे प्यारे पड़ोसियों, आपके गुब्बारे मेरे घर की छत पर आ गिरे हैं।" कॉलेज प्रशासन ने जवाब में लिखा कि उम्मीद है ये गुब्बारे शांति, प्रेम, मित्रता और खेल भावना का संदेश लेकर आएंगे। कॉलेज के उर्दू विभाग की प्रमुख डॉक्टर फौजिया सुल्ताना ने लिखा, "बहुत-बहुत धन्यवाद, भाई। लगता है हवाओं को आपके घर का माहौल दोस्ती के लिए अनुकूल लगा होगा।"

जय प्रकाश ने कहा कि इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती और दोनों देशों के आम लोग शांति, समृद्धि और खुशी चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी घटना ने दोनों तरफ़ के लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफ़ेसर डॉ. अंबरीन जावेद ख़ान ने बताया कि उनका कॉलेज पूरे पंजाब में खेलों के लिए जाना जाता है और खेलों के जरिए ही दोस्ती बनती है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले यह कॉलेज सिर्फ शारीरिक शिक्षा के लिए समर्पित था, बाद में इसे सामान्य श्रेणी में शामिल कर लिया गया।