रॉयल एनफील्ड ने भारत में अपनी एडवेंचर मोटरसाइकिल हिमालयन 750 लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसे 4.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर उतारा है। ट्विन-सिलेंडर इंजन वाली यह बाइक कंपनी की अब तक की सबसे पावरफुल और फ्लैगशिप मॉडल बन गई है। पिछले महीने इटली के मिलान में आयोजित EICMA मोटर शो में कॉन्टिनेंटल GT 750 के साथ इसका ग्लोबल डेब्यू हुआ था।

बाइक में नया 743cc पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 7,000 rpm पर 55 PS की पावर देता है। कंपनी के मुताबिक, कुल टॉर्क का 90 प्रतिशत हिस्सा महज 3,500 rpm पर ही मिल जाता है, जिससे चढ़ाई और ऑफ-रोडिंग आसान हो जाती है। 650cc ट्विन बाइक्स की तरह इसमें भी सिंगल ओवरहेड कैमशाफ्ट और एयर-ऑयल कूल्ड सेटअप है। बाइक नए बॉक्स-सेक्शन स्पाइन फ्रेम पर बनी है और इसकी स्टैंडर्ड सीट हाइट 815 mm है, जो हिमालयन 450 (825 mm) से कम है। इसमें 19-इंच का फ्रंट व्हील और आगे ट्विन ब्रेक डिस्क दिए गए हैं। आगे और पीछे दोनों तरफ शोवा के फुली-एडजस्टेबल सस्पेंशन हैं।

फीचर्स के मामले में कंपनी इसे अब तक की सबसे एडवांस रॉयल एनफील्ड बाइक बता रही है। इसमें 6-एक्सिस IMU, लीन-सेंसिटिव कॉर्नरिंग ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ पांच राइडिंग मोड्स (रोड, रोड स्पोर्ट, रेन, ट्रेल और कस्टम) दिए गए हैं। ऑफ-रोडिंग के लिए रियर ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल बंद किए जा सकते हैं। इसमें 4-इंच का सर्कुलर TFT डिस्प्ले, क्रूज कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, दो USB टाइप-C पोर्ट, 7-इंच LED हेडलैंप, ऑटो-कैंसलिंग इंडिकेटर्स और 4G कनेक्टिविटी व GPS सपोर्ट वाला विंगमैन 2.0 सिस्टम भी मिलता है।

हिमालयन 750 कुल पांच रंगों में पेश की गई है। अलॉय व्हील्स के साथ एज्टेक ग्रीन और टेक्टोनिक ब्लैक रंग मिलते हैं, जबकि वायर-स्पोक व्हील्स के साथ सिबेरिया व्हाइट, वाइकिंग ब्रॉन्ज और अंटार्कटिक सिल्वर रंग उपलब्ध हैं। टॉप वेरिएंट अंटार्कटिक सिल्वर में गिवी पैनियर्स, टॉप बॉक्स, हीटेड ग्रिप्स, हैंड गार्ड्स और एल्युमिनियम सम्प गार्ड स्टैंडर्ड रूप से मिलते हैं।