घरों में बीमारी ठीक होने के बाद बची दवाएं अक्सर अलमारी में पड़ी रह जाती हैं या कचरे में फेंक दी जाती हैं, जिससे पर्यावरण, पशुओं और इंसानों को नुकसान हो सकता है। इसी समस्या के समाधान के लिए युवाओं ने दिल्ली में मेडसाइकिल (MedCycle) अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत घरों, स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल स्टोर से बची हुई और एक्सपायरी दवाएं इकट्ठा की जाती हैं।
अभियान से जुड़े सुवीर गुप्ता के अनुसार, अब तक 173 किलो दवाएं और मेडिकल उपकरण जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि 527 किलो दवाओं को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया है। एक्सपायरी दवाओं को सरकारी मान्यता वाले केंद्रों में भेजा जाता है। इस काम में ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन, आर्य समाज और स्थानीय क्लीनिकों की मदद ली जा रही है, और लोगों को दवाओं को सही तरीके से संभालने व फेंकने के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है।
अभियान की शुरुआत घर की दवाओं की अलमारी में रखी एक्सपायरी दवाओं को देखकर हुई। महसूस किया गया कि ज्यादातर घरों में बची दवाएं रख दी जाती हैं या फेंक दी जाती हैं, जबकि देश में कई लोग जरूरी दवाएं तक नहीं खरीद पाते। इसी अंतर को कम करने के लिए युवाओं की भागीदारी से यह अभियान शुरू किया गया।
मेडसाइकिल के तहत दवाएं इकट्ठा करने और उनके सुरक्षित निस्तारण के अलावा सामुदायिक प्रतियोगिताएं और पर्यावरण से जुड़े प्रोजेक्ट भी चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग पर्यावरण बचाने के कामों से जुड़ सकें। अभियान से जुड़े लोगों का मानना है कि भारत में हर दिन सैकड़ों टन जैव चिकित्सा कचरा पैदा होता है और इसका बड़ा हिस्सा सही तरीके से नष्ट नहीं किया जाता। कोरोना महामारी के बाद यह समस्या और गंभीर हो गई है। उनके मुताबिक, पर्यावरण से जुड़ी बड़ी समस्याएं अक्सर छोटी-छोटी गलत आदतों से शुरू होती हैं, और समस्या को समझकर छोटे कदम उठाने से भी बड़ा बदलाव आ सकता है।
