नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया है और कुछ इलाकों में पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास हो रहा है, लेकिन मौसम विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक दिसंबर के दूसरे सप्ताह से पहले राजधानी में ठंड का कोई लंबा दौर शुरू होने की संभावना कम है। नवंबर में दिल्ली ने कई ठंडी सुबह देखी हैं, लेकिन दोपहर में धूप निकलने से तापमान बढ़ता रहा, इसलिए अभी तक सर्दी का लगातार असर नहीं दिखा है।

स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत के अनुसार, नवंबर में दिल्ली को प्रभावित करने वाला केवल एक पश्चिमी विक्षोभ आया था, जिसके प्रभाव से 14 नवंबर को हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण दिन का तापमान बढ़ा रहा। उनके मुताबिक, पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी न होने से मैदानी इलाकों में वैसी ठंडी हवाएं नहीं पहुंचीं, जो आमतौर पर सर्दी बढ़ाती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की कमी, प्रशांत महासागर में मजबूत अल नीनो की स्थिति और दिल्ली का शहरी वातावरण रात के तापमान को सामान्य से ऊपर बनाए रखने में भूमिका निभा रहे हैं।

मौसम विशेषज्ञों के मौजूदा अनुमानों के अनुसार, 2 दिसंबर तक आसमान साफ रहने से रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या थोड़ा नीचे रह सकता है, लेकिन फिलहाल शीतलहर की संभावना नहीं है। यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट (ECMWF) के 25 नवंबर के मौसम मॉडल में 2 दिसंबर तक उत्तर-पश्चिम भारत में किसी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के संकेत नहीं हैं। इसके बाद पश्चिमी हिमालय में कमजोर सिस्टम बनने की संभावना जताई गई है, जबकि 6-7 दिसंबर के आसपास मजबूत सिस्टम आने का पहले जो अनुमान था, वह नए चार्ट में नजर नहीं आ रहा है।

डॉ. वेंकटरमण के मुताबिक, कड़ाके की ठंड के लिए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का चलना जरूरी है। दिल्ली में सर्दियों का सबसे ठंडा दौर आमतौर पर जनवरी में देखने को मिलता है। विशेषज्ञों के अनुसार, अल नीनो के कारण इस बार शीतलहर वाले दिनों की संख्या कम रह सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी। डॉ. वेंकटरमण का कहना है कि अल नीनो के बावजूद जनवरी में लंबे समय तक कोहरा और ठंड पड़ सकती है, जैसा जनवरी 2024 में अल नीनो की स्थिति के दौरान देखा गया था।