मेरठ के परतापुर क्षेत्र में दिल्ली-दून बाईपास स्थित श्रीराम सिंह ग्लोबल स्कूल में नाबालिग बच्चों के साथ कथित अश्लील हरकत और कुकर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज पर आरोप है कि उसने बच्चों को शौचालय में ले जाकर मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाए और उनके साथ आपत्तिजनक हरकत करते हुए कुकर्म का प्रयास किया। बच्चों के विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया गया।

घटना से सहमे एक बच्चे ने दो दिन तक परिवार को कुछ नहीं बताया। शनिवार को मां ने प्यार से पूछताछ की, तो उसने अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। पीड़ित छात्र के पिता का आरोप है कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बावजूद वैन भेजकर बच्चों को बुलाया गया था, और प्रधानाचार्य प्रीति, शिक्षिका सलोनी तथा स्कूल प्रबंधन के सामने मामला उठाने पर शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों का दावा है कि स्कूल प्रशासन ने मामले को दबाने की कोशिश की।

मामले की जानकारी गांव में फैलते ही कुंडा गांव के पार्षद प्रशांत कसाना, पुष्पेंद्र कसाना, निशांत बढ़ाना और ऋतिक कसाना समेत सैकड़ों ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल प्रशासन की भूमिका की जांच की मांग की। परिजनों ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी होने तक उनका धरना समाप्त नहीं होगा।

धरने की सूचना पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिया। थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।