मेरठ के उल्देपुर में शनिवार को मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने पुलिस बल की मौजूदगी में 10 जेसीबी मशीनों से अवैध कॉलोनियों में बने निर्माणों को ध्वस्त किया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट में 9 दिसंबर को होने वाली सुनवाई से पहले की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने अवैध निर्माण के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई के आदेश दिए हैं और मामले की जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। मेरठ के अधिकारियों को कार्रवाई के संबंध में 9 दिसंबर को कोर्ट में जवाब देना है।

उल्देपुर गांव की कुल आबादी करीब तीन हजार बताई गई है। पिछले 10 साल में वहां करीब 100 कॉलोनियां कटने की बात सामने आई है। चर्चा है कि पल्लवपुरम की पॉश कॉलोनियों में रहने वाले लोगों ने यहां अवैध कॉलोनियां विकसित कीं या प्लॉट खरीदकर निवेश किया। एमडीए की टीम ने जेसीबी मशीनों से दीवार और नींव समेत अवैध निर्माण उखाड़ दिए। कार्रवाई के दौरान मौके पर भीड़ जुट गई और लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

कॉलोनी में लगे बिजली के पोल हटाने का उल्देपुर के लोगों ने विरोध जताया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इन पोलों से कॉलोनी की बिजली आपूर्ति के साथ गांव के नलकूपों के विद्युत तार भी जुड़े हैं। पुलिसकर्मियों और एमडीए की प्रवर्तन टीम ने ग्रामीणों को समझाया।

याचिकाकर्ता लोकेश खुराना का कहना है कि वे सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित न्यायिक आयोग को दस्तावेज सौंपेंगे। इस मामले में एमडीए अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं और आरोप है कि अधिकारियों की सांठगांठ से अवैध कॉलोनियां विकसित होती रहीं। प्राधिकरण ने जिले को चार जोन में बांटा है। उल्देपुर जोन-बी में आता है, जहां सबसे अधिक अवैध कॉलोनियां विकसित होने का खुलासा हुआ था। प्राधिकरण के दस्तावेजों में उल्देपुर की 12 से अधिक अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई दर्ज है। एमडीए सचिव वीके सिंह ने बताया कि क्षेत्र की 17 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा और इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।