नई दिल्ली: क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार तक भारतीय टीम 6 विकेट पर 116 रन बना सकी और वह न्यूजीलैंड से अभी भी 240 रन पीछे है। पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रन पर सिमटी। दिन की आखिरी गेंद पर वाशिंगटन सुंदर के आउट होने के समय ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर नाबाद लौटे।
दूसरे दिन की शुरुआत में अंशुल कंबोज ने ग्लेन फिलिप्स (36) को आउट कर ब्लंडेल और फिलिप्स की 62 रन की साझेदारी तोड़ी। अपने 50वें टेस्ट में टॉम ब्लंडेल ने 89 रन की पारी खेली और नाथन स्मिथ (26), काइल जैमीसन (19) व मैट हेनरी (19) के साथ उपयोगी साझेदारियां करते हुए आखिरी पांच विकेटों में 110 रन जोड़े। भारत की ओर से आकाश दीप ने 99 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह 26 ओवर फेंकने के बाद भी विकेट से महरूम रहे।
न्यूजीलैंड की पारी के दौरान कैच छूटने पर कमेंट्री करते हुए सुनील गावस्कर ने बार-बार कहा कि भारतीय फील्डरों को थोड़ा आगे खड़े होकर कैच लपकने की संभावना बढ़ानी चाहिए थी। आकाश दीप की गेंद पर एक मौका केएल राहुल से थोड़ा आगे गिरा था। गेंद राहुल के आगे गिरते ही गावस्कर अपने गुस्से पर काबू नहीं रख सके और कमेंट्री के दौरान अपना हाथ जोर से झटकने लगे। इस वाकया का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत खराब रही और पारी की छठी ही गेंद पर मैट हेनरी ने यशस्वी जायसवाल (0) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद काइल जैमीसन ने देवदत्त पडिक्कल और शुभमन गिल को आउट किया, जिससे चाय के समय तक भारत 59/3 पर सिमट गया। ऋषभ पंत ने जैमीसन की पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और चूके, फिर जैकब डफी को छक्का जड़ा, लेकिन अगले ही पल आगे निकलकर कैच थमा बैठे। डफी ने पंत (23) और केएल राहुल (25) को पवेलियन भेजकर भारत को 104/5 पर ला खड़ा किया, और दिन की आखिरी गेंद पर स्लिप में टॉम लैथम के हाथों नाथन स्मिथ ने वाशिंगटन सुंदर को आउट कर भारत की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
